कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर।
प्रेस विज्ञप्ति
सेवा में,
जिला सूचना अधिकारी
व समस्त प्रभार प्रिन्ट इलेक्ट्रानिक मीडिया
जनपद सिद्धार्थनगर।
आज दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार तथा माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर श्री अजय कुमार श्रीवास्तव तृतीय के दिशा-निर्देश के क्रम में पाक्सो अधिनियम, 2012 के प्रावधानों एवं विधिक परिणामों के प्रति जागरूकता उत्पन्न करने हेतु “विशेष जागरूकता अभियान” (Special Awareness Drive) के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
सर्वप्रथम प्रातः 09:00 बजे सिद्धार्थ लॉ कॉलेज, मसिना, सिद्धार्थनगर के छात्र/छात्राओं द्वारा आमजन के मध्य पाक्सो अधिनियम, 2012 एवं बाल संरक्षण से संबंधित विषयों पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत एवं प्रभात फेरी द्वारा जनसामान्य को जागरूक किया गया। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों के अधिकार, लैंगिक अपराधों से सुरक्षा तथा पाक्सो अधिनियम के कानूनी प्रावधानों की जानकारी सरल एवं प्रभावी तरीके से दी गई।
उक्त के पश्चात श्री शैलेन्द्र नाथ सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर की अध्यक्षता में सिद्धार्थ लॉ कॉलेज में विशेष विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित छात्र-छात्राओं व आमजनों को पॉक्सो अधिनियम, 2012 (Protection of Children from Sexual Offences Act, 2012) के प्रमुख प्रावधानों के संबंध में विस्तृत एवं महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी जी को याद करते हुए कहा कि मानवता की सेवा ही परमो धर्म हैं। पॉक्सो अधिनियम के बारे में विधि के विद्यार्थियो को बताया कि आप अपने आस-पास के लोगों को जागरुक करे। जिससे बच्चो को भयमुक्त समाज प्राप्त हो और उनका सर्वांगीण विकास हो सके। रखा। विधि के विद्यार्थियो ने भी अपने विचार साझा किये।
चीफ डिफेन्स कौसिल, श्री अश्वनी कुमार मिश्रा जी भी पॉक्सो अधिनियम पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पॉक्सो अधिनियम का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को लैंगिक उत्पीड़न, लैंगिक हमले तथा लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करना तथा ऐसे मामलों में बच्चों के हित एवं गरिमा को ध्यान में रखते हुए विधिक प्रक्रिया सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर श्री अश्वनी कुमार मिश्र चीफ लीगल एड डिफेंस काउन्सिल सिद्धार्थनगर तथा सिद्धार्थ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चैयरमेन इ०ओ०पी० सिंह, एम०डी० डॉ०सुशीला सिंह, जे०एम०डी० डॉ०काया सिंह, कैम्पस डायरेक्टर डॉ० विवेक मित्तल, प्राचार्य डॉ० मनीष कुमार सिंह, अमित श्रीवास्तव, निहारिका श्रीवास्तव, सहेन्द्र चौधरी आदि उपस्थित रहे।
साथ ही साथ इसी क्रम में बाल शिक्षा सदन कन्या इण्टर कॉलेज, बुद्धनगर, सिद्धार्थनगर में विशेष जागरूकता अभियान के अंतर्गत जिला पास्को जागरूकता टीम के नोडल श्री राकेश कुमार सिंहं पैनल अधिवक्ता एवं टीम के अन्य सदस्यगणों द्वारा विद्यालय प्रशासन के माध्यम से सर्वप्रथम प्रातः 9 बजे से प्रभात फेरी का आयोजन कराया, जिसमें छात्राओं द्वारा जनसामान्य को बाल सुरक्षा एवं पोक्सो अधिनियम के प्रति जागरूक किया गया। इसके उपरांत विद्यालय परिसर में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को जिला पास्को जागरूकता टीम द्वारा पोक्सो अधिनियम, 2012, बच्चों के अधिकार, लैंगिक अपराधों से बचाव तथा उपलब्ध विधिक सहायता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई।
बाल शिक्षा सदन कन्या इण्टर कॉलेज, बुद्धनगर, सिद्धार्थनगर में कार्यक्रम के दौरान छात्राओं के मध्य चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र/छात्राओं का चयन किया गया तथा उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित छात्राओं को किसी भी प्रकार के शोषण अथवा लैंगिक अपराध की स्थिति में बिना भय के अपने अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित प्राधिकारी को सूचना देने तथा आवश्यकता पड़ने पर निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
संलग्नक-फोटोग्राफ्स। Sd /-02-10-2026
(शैलेन्द्र नाथ)
सचिव
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सिद्धार्थनगर।
