मा0 मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा प्रदेश के प्रहरियों के सम्मान कार्यक्रम के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर व मा0 विधायक सदर द्वारा जनपद सिद्धार्थनगर के ग्राम प्रहरियों को किया गया सम्मानित, ग्रामीण सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण में उनके योगदान को किया गया रेखांकित
आज दिनांक 13.10.2026 को मा0 मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश द्वारा पुलिस सहयोग एवं अपराध नियंत्रण में सराहनीय योगदान देने वाले प्रदेश के ग्राम प्रहरियों के सम्मान हेतु आयोजित “ग्राम सुरक्षा में योगदान, ग्राम प्रहरियों का सम्मान” कार्यक्रम का रिजर्व पुलिस लाइन, सिद्धार्थनगर में सजीव प्रसारण किया गया। इस अवसर पर जनपद के थानों में नियुक्त ग्राम प्रहरियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में मा0 विधायक सदर श्री श्यामधनी राही, सांसद प्रतिनिधि, भाजपा जिलाध्यक्ष, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ0 अभिषेक महाजन, मयंक द्विवेदी क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा लाइव ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि तथा ₹05 लाख तक के कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई। यह पहल ग्राम प्रहरियों के कल्याण, उनके मनोबल में वृद्धि तथा ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण है। ग्राम प्रहरी पुलिस एवं ग्रामीण जनता के मध्य एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। वे अपने क्षेत्र में होने वाली संदिग्ध गतिविधियों, अपराध एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाओं को पुलिस तक पहुंचाने में सहयोग प्रदान करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम तथा पुलिस की कार्यप्रणाली को जनसहभागिता से अधिक प्रभावी बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के माध्यम से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा ग्राम प्रहरियों के कर्तव्यों एवं दायित्वों के प्रति उनके योगदान को सम्मान देने के साथ-साथ ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था में उनकी सक्रिय सहभागिता को प्रोत्साहित किया गया। जनपद सिद्धार्थनगर पुलिस द्वारा ग्राम प्रहरियों के साथ समन्वय स्थापित कर ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा अपराध नियंत्रण के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है ।
