जनपद सिद्धार्थनगर के बर्डपुर क्षेत्र से एक होनहार छात्र ने सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। मॉडर्न पब्लिक स्कूल, अलीगढ़वा में शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्र दीपक कुमार (पुत्र महेंद्र चौधरी), निवासी ग्राम पंचायत बर्डपुर नं. 1 पोखरभीटवा का चयन जवाहर नवोदय विद्यालय में हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार ने नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 95 अंक प्राप्त किए। वर्तमान में वह कक्षा 5 उत्तीर्ण कर चुके हैं और अब उनका प्रवेश कक्षा 6 में जवाहर नवोदय विद्यालय, बांसी में होगा। दीपक की इस सफलता से उनके परिवार, विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। उनकी माता गृहणी हैं, जबकि पिता अलीगढ़वा में एक किराने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद दीपक ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है। इस उपलब्धि में उनके शिक्षक वीरेंद्र कसौधन का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने उन्हें निरंतर मार्गदर्शन दिया। वहीं विद्यालय के प्रिंसिपल सुनील कुमार ने भी छात्र की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह पूरे विद्यालय के लिए गर्व की बात है। छात्र की इस सफलता से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ा है और अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली है।
सिद्धार्थनगर
दीपक कुमार का नवोदय विद्यालय में चयन, शिक्षक व विद्यालय का बढ़ाया मान
- by Netra 24 Times
- 22/03/2026
- 44 Views
- 2 weeks ago
