गोरखपुर, 2 मार्च होलिकादहन के पावन अवसर पर आज महानगर में निकलने वाली भक्त प्रह्लाद की शोभायात्रा में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बतौर गोरक्षपीठाधीश्वर शामिल हुए। पांडेयहाता से शाम को निकली यह शोभायात्रा सामाजिक समरसता और आस्था का अनूठा संगम बनी रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पांडेयहाता स्थित भगवान प्रह्लाद की शोभायात्रा में पहुंचे और वहां मौजूद श्रद्धालुओं व होली उत्सव में शामिल लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह पुष्पवर्षा और जयघोष के बीच मुख्यमंत्री ने यात्रा में सहभागिता की गोरक्षपीठ से गहरे जुड़े इस आयोजन को लेकर पहले से ही श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह था। होलिकादहन के दिन निकलने वाली यह शोभायात्रा भक्त प्रह्लाद की अटूट भक्ति और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक मानी जाती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व्यस्तताओं के बावजूद हर वर्ष इस परंपरा का निर्वहन करते हुए इसमें शामिल होते रहे हैं। शोभायात्रा निर्धारित मार्गों से होते हुए विभिन्न स्थानों पर स्वागत-अभिनंदन के बीच आगे बढ़ी। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने स्वयं मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की।होलिकादहन की इस परंपरागत शोभायात्रा ने शहर में उत्सव और समरसता का संदेश दिया। मुख्यमंत्री की अगुवाई में निकली इस यात्रा ने श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का संचार किया और गोरखपुर का रंगपर्व पूरी आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया।
गोरखपुर
रंगपर्व: होलिकादहन पर भक्त प्रह्लाद शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम योगी
- by Netra 24 Times
- 03/03/2026
- 30 Views
- 1 month ago
