सिद्धार्थनगर कृषि भवन के सामने आरके पैलेस, साड़ी चौराहा में महारानी अवंतीबाई लोधी सेवा समिति के सहयोग से आयोजित लोधी समाज के सामाजिक जागृति एवं राजनीतिक भागीदारी कार्यक्रम में समाज की एकजुटता और वर्ष 2027 में राजनीतिक हिस्सेदारी को लेकर जोरदार आवाज उठी। कार्यक्रम में सामाजिक, राजनीतिक, अधिवक्ता और बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर समाज को गांव से लेकर शहर तक संगठित करने, भाईचारा मजबूत करने और शिक्षा, रोजगार, सम्मान तथा अधिकारों के मुद्दे पर एकजुट होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने लोधी समाज से राजनीतिक रूप से सक्रिय होकर अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि राजनीति में जिस समाज की जितनी भागीदारी होगी, उसकी आवाज उतनी ही मजबूती से सुनी जाएगी। वर्ष 2027 को देखते हुए लोधी समाज को अपनी राजनीतिक ताकत और एकजुटता के साथ आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को हर क्षेत्र में भागीदारी और सम्मान दिलाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे तथा आने वाला समय समाज के लिए बेहतर संभावनाएं लेकर आएगा।
महारानी अवंतीबाई लोधी सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष कन्हैया लाल लोधी ने कहा कि सामाजिक एकजुटता ही राजनीतिक मजबूती की पहली सीढ़ी है। जब तक समाज की सामाजिक जड़ें मजबूत नहीं होंगी, तब तक राजनीतिक स्तर पर अधिकार और हिस्सेदारी हासिल करना कठिन रहेगा। उन्होंने कहा कि अब लोधी समाज अपने हक, अधिकार, सम्मान और राजनीतिक भागीदारी की बात करेगा। समाज किसी राजनीतिक दल की गुलामी नहीं करेगा, बल्कि जो दल समाज को सम्मान और उचित हिस्सेदारी देगा, उसके साथ लोकतांत्रिक तरीके से खड़ा होगा। उन्होंने कहा कि गांव-गांव सामाजिक जागृति और भाईचारा मजबूत कर समाज को एक मंच पर लाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि लोधी समाज के सामने केवल राजनीति का प्रश्न नहीं है, बल्कि शिक्षा, युवाओं के रोजगार, सामाजिक उत्पीड़न, सम्मान और आने वाली पीढ़ी के भविष्य का भी सवाल है। इसलिए समाज को आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर संगठन को मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि अब समय केवल संख्या गिनने का नहीं, बल्कि अपनी सामाजिक शक्ति को संगठित कर उसे अधिकार और भागीदारी में बदलने का है।
युवजन सभा के जिला अध्यक्ष प्रधान रामसेवक लोधी ने कहा कि बांसी, कपिलवस्तु और शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्रों सहित पूरे सिद्धार्थनगर लोकसभा क्षेत्र में लोधी समाज को संगठित होकर अपनी राजनीतिक ताकत का परिचय देना होगा। उन्होंने कहा कि यदि समाज को उचित राजनीतिक हिस्सेदारी और भागीदारी मिलती है तो वर्ष 2027 में लोधी समाज सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए पूरी ताकत से आगे आएगा। उन्होंने युवाओं से समाज की एकजुटता और जागरूकता के अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने का आह्वान किया।
समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने अपने संबोधन में कहा कि लोधी समाज समाजवादी पार्टी के साथ लगातार जुड़ रहा है और पार्टी समाज के लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में भागीदारी देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी को मजबूत करने के लिए संगठन स्तर पर भी प्रयास किए जाएंगे। इस दौरान कई वक्ताओं ने कहा कि समाज को अपने अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संगठित संघर्ष करना होगा और राजनीतिक भागीदारी के साथ सामाजिक एकता को भी प्राथमिकता देनी होगी।
कार्यक्रम में पृथ्वीराज लोधी, राम निहाल लोधी, सुखलाल लोधी, दीपचंद लोधी, ओम प्रकाश लोधी, सुरेंद्र लोधी एडवोकेट, इंदू सिंह लोधी एडवोकेट, शिवधनी यादव, तीरथ लोधी, राममिलन लोधी, मुंशी लोधी, बच्चू लाल लोधी, कमलेश लोधी, राहुल लोधी, रमई लोधी समेत बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने सामाजिक भाईचारा कायम रखने, युवाओं को शिक्षा और रोजगार से जोड़ने तथा लोधी समाज की सामाजिक एवं राजनीतिक आवाज को मजबूती देने का संकल्प लिया।
