स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार को महराजगंज यातायात पुलिस ने नगर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर विभिन्न विद्यालयों की स्कूल बसों का सघन निरीक्षण किया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
निरीक्षण के दौरान स्कूल बसों की फिटनेस, वैध बीमा, चालक के ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशामक यंत्र, इमरजेंसी एग्जिट, फर्स्ट एड बॉक्स सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। साथ ही विद्यालय प्रबंधन को सभी सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।
यातायात पुलिस ने बस चालकों, विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन न चलाने की अपील की।
अभियान के दौरान मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई भी की गई। महराजगंज पुलिस ने जनपदवासियों से यातायात नियमों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
महाराजगंज
महराजगंज में स्कूल बसों का सघन निरीक्षण, यातायात पुलिस ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
- by Netra 24 Times
- 11/07/2026
- 20 Views
- 3 days ago
