हिमाचल प्रदेश (प्रकाश)-:हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहां महिला थाना हमीरपुर के अंतर्गत एक गांव में 45 वर्षीय मानसिक रूप से परेशान महिला के साथ पिछले छह महीनों से दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2000 में हुई थी। पीड़िता और उसका बेटा दोनों ही मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। आरोप है कि आरोपी व्यक्ति पिछले करीब छह महीने से महिला की इस स्थिति का फायदा उठा रहा था। वह पीड़िता को बहला-फुसलाकर और जबरन शराब पिलाकर उसका लगातार शारीरिक शोषण कर रहा था।
पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज करवाई गई प्राथमिकी (FIR) के मुताबिक, कुछ महीने पहले भी महिला राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बेहद आपत्तिजनक और नग्न अवस्था में ग्रामीणों को मिली थी। उस समय उसके शरीर से अत्यधिक शराब और उल्टियों की दुर्गंध आ रही थी, जिसके बाद ग्रामीणों ने उसे सुरक्षित घर पहुंचाया था। इसके बाद वह दोबारा अपने मायके से लापता हो गई। बताया जा रहा है कि बीते 17 जून को पीड़िता अपने मायके से ससुराल जाने के लिए निकली थी, लेकिन वह वहां नहीं पहुंची।
करीब एक सप्ताह बाद 24 जून को गांव की कुछ महिलाओं ने पीड़िता को लावारिस हालत में सड़क किनारे देखा और उसके परिजनों को सूचित किया। घर लौटने पर पीड़िता ने परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे श्मशानघाट के पास बने एक शेड में बंधक बनाकर रखा हुआ था। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
मामले की पुष्टि करते हुए हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) बलवीर सिंह ने बताया: “दुष्कर्म की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण करवा लिया गया है और मामले की आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।”
