‘रक्षा सूत्र-नारी सम्मान समारोह’
शिक्षा से चिकित्सा, प्रशासन से खेल तक की प्रतिभाओं को मिला ‘नारी गौरव सम्मान’
सशक्त और आत्मनिर्भर महिलाएं ही मजबूत समाज की आधारशिला : डॉ. तनुषा
सिद्धार्थनगर। समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी प्रतिभा, मेहनत और समर्पण से विशिष्ट पहचान बनाने वाली महिलाओं के सम्मान में बुधवार देररात शहर के एक होटल में भव्य ‘रक्षा सूत्र-नारी सम्मान समारोह-2026’ का आयोजन किया गया। समारोह में चिकित्सा, शिक्षा, उद्यमिता, समाजसेवा, प्रशासनिक, धार्मिक, न्यायिक, साहित्यिक, खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाली 51 महिलाओं को ‘नारी गौरव सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर महिलाओं के चेहरे खिल उठे और समारोह नारी शक्ति के सम्मान का जीवंत मंच बन गया।
नेहरू युवा केंद्र, भारत सरकार की सेवानिवृत्त उप निदेशक साधना श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित समारोह की मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शिव शरणप्पा जीएन की धर्मपत्नी एवं आकांक्षा समिति की अध्यक्ष डॉ. तनुषा टी.आर. ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और कार्यक्षमता का शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। नारी केवल परिवार की धुरी ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत आधारशिला भी है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिभाओं को सम्मानित करने से न केवल उनका उत्साहवर्धन होता है, बल्कि अन्य महिलाओं और बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। विशिष्ट अतिथि उप जिलाधिकारी सदर रेणु मिश्रा ने कहा कि महिलाओं के भीतर असीम क्षमता है और दृढ़ संकल्प के साथ वे किसी भी लक्ष्य को हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि आज की महिलाएं चुनौतियों को अवसर में बदलते हुए समाज के सामने सफलता के नए उदाहरण प्रस्तुत कर रही हैं। उप प्रभागीय वनाधिकारी वीना तिवारी ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास में महिलाओं की बराबर भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज हित में करने का आह्वान किया। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक भाग्यवती पांडेय ने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ निर्भीक और आत्मनिर्भर बनना होगा। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी प्रकार की समस्या होने पर महिलाएं बिना संकोच पुलिस की मदद ले सकती हैं। समारोह में डॉ. ममता गुप्ता, डॉ. अनीता द्विवेदी, डॉ. अनु मोदी, डॉ. कवितांशु, शारदा रावत, नाज प्रवीन, सुशीला मिश्रा, अंजू श्रीवास्तव, सरिता गौतम, सीमा श्रीवास्तव, प्रीती, सुमन ओझा, मोनी वर्मा, मनोरमा पांडेय, रीना मिश्रा, साधना श्रीवास्तव, मन्नो मिश्रा, रजनी सिंह राजपूत, जेबा मुईम, सुधा त्रिपाठी, प्रियंका वर्मा, शर्मिला अग्रहरी, प्रिया कुमारी अग्रहरी, रोशनी गौतम, अनामिका शुक्ला, प्रीती शुक्ला, सलोनी उपाध्याय, किरन लता सिंह, प्रीती लता, नेहा गौड़, अंजली राजपूत, प्रिया जायसवाल, वंदना चतुर्वेदी, रेशमा जायसवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली 51 महिलाओं को ‘नारी गौरव सम्मान-2026’ प्रदान किया गया। स्वागत भाषण शुभम श्रीवास्तव ने दिया। उन्होंने कहा कि आयोजन का उद्देश्य समाज में चुपचाप और समर्पण भाव से उल्लेखनीय कार्य कर रही महिलाओं को सम्मान देकर उनके योगदान को व्यापक पहचान दिलाना है। संचालन पंकज सिद्धार्थ ने किया। इस अवसर पर डॉ. राजेश मोहन गुप्ता, डॉ. विमल द्विवेदी, नजीर मलिक, अखंड प्रताप सिंह, गोविंद प्रसाद ओझा, नियाज कपिलवस्तुवी, दिलीप द्विवेदी, सुरेंद्र श्रीवास्तव, नितेश पांडेय, अमित पांडेय, इंद्रसेन सिंह, जयशंकर मिश्रा, पंकज पासवान, श्रीश श्रीवास्तव, शिवदत्त अग्रहरी, नीरज श्रीवास्तव, दीपक मणि त्रिपाठी, विजय कृष्ण नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
