हिमाचल प्रदेश (प्रकाश)- शिक्षा खंड औट के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाऊ पनाऊ में सरकार के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार आगामी दो वर्षों के लिए नई पाठशाला प्रबंधन समिति (एसएमसी) का गठन किया गया। इस दौरान धर्मेंद्र शर्मा को सर्वसम्मति से प्रधान तथा रश्मि शर्मा को उपप्रधान चुना गया पाठशाला के प्रधानाचार्य हंसराज मल्होत्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवसर पर केंद्रीय प्राथमिक पाठशाला और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला के अभिभावकों की संयुक्त पाठशाला प्रबंधन समिति का गठन किया गया, जिसमें दोनों विद्यालयों के विद्यार्थियों के अभिभावकों ने भाग लिया। प्रधानाचार्य हंसराज मल्होत्रा पदेन सचिव के रूप में कार्य करेंगे। इस अवसर पर प्रवक्ता अंग्रेजी निर्मला ठाकुर तथा केंद्रीय मुख्य शिक्षक हरीश ठाकुर सहित विद्यालय के समस्त अध्यापक वर्ग और अभिभावक उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य हंसराज मल्होत्रा ने कहा कि बच्चों की गुणात्मक शिक्षा और विद्यालय के समग्र विकास के लिए अभिभावकों तथा पाठशाला प्रबंधन समिति के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। उन्होंने कहा कि आपसी सहयोग और सहभागिता से ही विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास संभव हो सकता है। इस दौरान निर्मला ठाकुर और हरीश ठाकुर ने भी उपस्थित सदस्यों को पाठशाला प्रबंधन समिति के कर्तव्यों, अधिकारों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी प्रदान की तथा विद्यालय के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
