जनपद सिद्धार्थनगर के उसका रोड स्थित अमन हॉस्पिटल पर इलाज में लापरवाही का गंभीर आरोप लगा है। परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक के भतीजे मनीष पाण्डेय निवासी चुरहारी ने बताया कि वह अपने चाचा को इलाज के लिए अमन हॉस्पिटल लेकर आए थे। परिजनों के अनुसार जांच रिपोर्ट सामान्य होने के बावजूद डॉक्टरों ने मरीज को भर्ती कर लिया और बाद में ऑपरेशन की सलाह दी। मनीष पाण्डेय का आरोप है कि डॉक्टरों ने खून की कमी बताते हुए रात करीब 9 बजे ऑपरेशन किया। इसके बाद देर रात मरीज की हालत बिगड़ने लगी। परिजनों का कहना है कि जब मरीज असामान्य व्यवहार करने लगा तो इसकी जानकारी डॉक्टरों को दी गई, लेकिन उन्हें आश्वासन देकर शांत कराया गया। आरोप है कि कुछ समय बाद मरीज को सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिस पर ऑक्सीजन लगाई गई। इसी दौरान डॉक्टरों ने परिजनों को बताया कि अस्पताल में आईसीयू की सुविधा उपलब्ध नहीं है। परिजनों का आरोप है कि थोड़ी ही देर बाद मरीज की मौत हो गई।घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। वहीं, मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
सिद्धार्थनगर
अमन हॉस्पिटल पर इलाज में लापरवाही का आरोप
- by Netra 24 Times
- 23/05/2026
- 28 Views
- 7 days ago
