सिद्धार्थनगर लोकभारती एवं जिला प्रशासन, सिद्धार्थनगर के संयुक्त तत्वावधान में 24 जुलाई को आयोजित होने वाले बृहद हरिशंकरी (पीपल, बरगद एवं पाकड़) वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों के क्रम में मंगलवार को विकास खण्ड बढ़नी के ब्लॉक सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक खंड विकास अधिकारी बढ़नी अनीशि मणि पांडेय के निर्देशानुसार सम्पन्न हुई तथा इसकी अध्यक्षता एडीओ पंचायत ने की।
बैठक में लोकभारती के ब्लॉक संयोजक सुनील कुमार चौधरी ने हरिशंकरी के तीनों पौधों को एक साथ लगाने की वैज्ञानिक एवं पारंपरिक विधि का व्यावहारिक प्रदर्शन किया। उन्होंने पौधरोपण के लिए गड्ढे की तैयारी, जीवामृत एवं घन जीवामृत जैसे जैविक खाद के उपयोग, पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई तथा संरक्षण के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना जितना आवश्यक है, उसका संरक्षण उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। प्रत्येक ग्राम पंचायत, सरकारी कार्यालय, विद्यालय एवं सार्वजनिक स्थलों पर हरिशंकरी का पौधरोपण कर इसे जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। सबल संस्थान के सचिव दीनानाथ ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधे के संरक्षण का संकल्प ले, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सकेगा।
एडीओ कृषि राम सेवक यादव ने कहा कि हरिशंकरी के पौधे पर्यावरण संतुलन, जल संरक्षण एवं जैव विविधता के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने सभी विभागों एवं ग्राम पंचायतों से 24 जुलाई के अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का आह्वान किया।
अंत में एडीओ पंचायत ने सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए 24 जुलाई को अधिक से अधिक हरिशंकरी पौधरोपण कर अभियान को सफल बनाने की अपील की।
बैठक में मोहम्मद नियाज (ग्राम पंचायत अधिकारी), शहीद सिराज (एपीओ), राम बिलास (एडीओ पंचायत), राम सेवक यादव (एडीओ कृषि), संतोष कुमार (एडीओ आईएसबी), शकील अहमद, उदय प्रताप गौतम, अवधेश यादव, दिलीप यादव, भानु सिंह, उमेश कुमार (बीएमएम), कमलेश कुमार (बीएमएम), सानेरब (टीए), महेंद्र प्रसाद (लेखाकार), राजेश कुमार (ऑपरेटर), दीनानाथ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, ग्राम प्रधान, ग्राम पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, सफाई कर्मी, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
