जनपद सिद्धार्थनगर में विधानसभा क्षेत्र कपिलवस्तु के सनई में वन महोत्सव-2026 के अवसर पर “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आम भंडारा एवं आम बहार कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को अपने घरों में रोपण हेतु आम के पौधे वितरित किए गए तथा प्रत्येक परिवार से कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल रहे, जबकि अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक मौर्य ने की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, वन विभाग के अधिकारियों, भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्य अतिथि सांसद श्री जगदंबिका पाल ने अपने संबोधन में कहा कि यह अभियान केवल वृक्ष लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम हम सभी, विशेषकर हमारे बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए है। वृक्ष पर्यावरण की रक्षा करने के साथ-साथ स्वच्छ वायु, जल एवं स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पर्यावरण संरक्षण जनआंदोलन का स्वरूप ले चुका है। प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का दायित्व भी निभाना चाहिए। उन्होंने लोगों से 1 से 7 जुलाई तक चल रहे वृक्षारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि हमें मानसून का संतुलन बनाए रखना है, ग्लोबल वार्मिंग के दुष्प्रभावों से बचना है तथा आने वाली पीढ़ियों को पर्याप्त ऑक्सीजन और स्वच्छ पर्यावरण देना है, तो वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण का यह अभियान सभी उत्सवों से बढ़कर है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष श्री दीपक मौर्य ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि हरित एवं समृद्ध भारत का निर्माण जनसहभागिता से ही संभव है।
कार्यक्रम में प्रभागीय वनाधिकारी श्रीमती नीला एम., एसडीओ मीना तिवारी, जिला महामंत्री फतेह बहादुर सिंह सभासद, रामनारायण, राजेंद्र पांडेय, रणजीत सिंह, रमेश मणि, अनुराग श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष राजेश दुबे, आशीष दुबे, कुंवर विक्रम सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
जिला सिद्धार्थ नगर से ब्यूरो रिपोर्टर अब्दुल रशीद हाशमी की खास रिपोर्ट
