कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सिद्धार्थनगर।
प्रेस विज्ञप्ति
सेवा में,
जिला सूचना अधिकारी
व समस्त प्रभार प्रिन्ट इलेक्ट्रानिक मीडिया
जनपद सिद्धार्थनगर।
01 नवंबर 2026 को लोहिया कला भवन सिद्धार्थनगर आयोजित होगा विशाल मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर-आम जनता को मिलेगा योजनाओं और विधिक सहायता का सीधा लाभ।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशों एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के अनुमोदन अनुसार आगामी 01 नवंबर 2026 (रविवार) को समय प्रातः 09ः00 बजे से जनपद स्तर पर मेगा/बृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जायेगा। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर निर्बल, निर्धन, दिव्यांग, महिलाओं, बच्चों, असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों और अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचाना है।
शिविर की मुख्य विशेषताएं एवं सुविधाएं-
1. विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल-शिविर में समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, श्रम, स्वास्थ्य, कृषि, दिव्यांग सशक्तिकरण, पंचायती राज, राजस्व, शिक्षा, पुलिस, बैंक ऋण योजनाएं एवं अन्य प्रमुख शासकीय विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
2. जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ-आयुष्मान/आरोग्य कार्ड, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, वृद्धावस्था/निराश्रित महिला/दिव्यांगजन पेंशन, कृषक दुर्घटना बीमा एवं श्रमिक पंजीकरण आदि के आवेदन और औपचारिकताएं पूर्ण की जाएंगी।
3. निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण- शिविर में विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य जांच, नेत्र, दांत व सामान्य चिकित्सीय जांच तथा ब्लड ग्रुप टेस्ट की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध रहेगी।
4. उपकरण व राहत सामग्री का वितरण-चिन्हित लाभार्थियों को आवश्यक उपकरण और योजनाओं से संबंधित लाभ पत्र/सामग्री का वितरण किया जाएगा।
जनसामान्य से अपील-
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समस्त जनपदवासियों, जन प्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज सेवियों से अपील करता है कि 01 नवंबर 2026 को लोहिया कला भवन सिद्धार्थनगर में आयोजित होने वाले इस मेगा शिविर में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं और मुफ्त विधिक सहायता का लाभ उठाएं।
SD-17-10-2026
शैलेन्द्र नाथ
सचिव
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण
सिद्धार्थनगर।
