धार्मिक एवं ऐतिहासिक तपोभूमि चित्रकूट की जीवनदायिनी माँ मंदाकिनी के अस्तित्व को बचाने के लिए आज स्थानीय युवाओं और जागरूक नागरिकों ने प्रशासनिक उदासीनता के खिलाफ एकजुट होकर स्वच्छता का बिगुल फूंक दिया। बांके सिद्ध न्यास विकास समिति, के.पी.01 टीम एवं बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार प्रातः 8:00 बजे रामघाट पर सैकड़ों युवाओं ने एकत्र होकर वृहद स्वच्छता श्रमदान महा-अभियान चलाया।
अभियान का शुभारंभ अत्यंत श्रद्धा और सांस्कृतिक वातावरण में हुआ। समाजसेविका अनु पटेल ने माँ मंदाकिनी की विशेष आरती की तथा सभी स्वयंसेवकों का तिलक लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। इसके बाद युवाओं ने बिना किसी स्वार्थ के नदी में उतरकर कई क्विंटल विषैली रासायनिक काई, जलकुंभी एवं प्लास्टिक सहित अन्य ठोस कचरे को बाहर निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर बांके सिद्ध न्यास विकास समिति के अध्यक्ष देव सिंह ने कहा कि “माँ मंदाकिनी केवल एक नदी नहीं, बल्कि चित्रकूट की आस्था, संस्कृति और पहचान है। यदि प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभाने में विफल रहेगा तो समाज स्वयं आगे आकर अपनी धरोहर की रक्षा करेगा। यह अभियान केवल सफाई नहीं बल्कि जनजागरण का आंदोलन है।”
के.पी.01 टीम के संयोजक कविकांत (के.पी.) पटेल ने कहा कि “कागजों पर करोड़ों रुपये खर्च दिखाए जाते हैं, लेकिन धरातल पर नदी की दुर्दशा किसी से छिपी नहीं है। अब युवा केवल शिकायत नहीं करेंगे, बल्कि समाधान के लिए स्वयं आगे आएंगे और जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब भी मांगेंगे।”
समाजसेवी मुकेश कुमार ने कहा कि “मंदाकिनी की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। हमारा उद्देश्य किसी का विरोध करना नहीं, बल्कि प्रशासन और समाज को साथ लेकर माँ मंदाकिनी को पुनः स्वच्छ एवं निर्मल बनाना है। यदि आवश्यकता पड़ी तो यह जनअभियान और व्यापक रूप से चलाया जाएगा।”
आयोजकों ने बताया कि प्रशासनिक फाइलों में मंदाकिनी नदी की सफाई के लिए करोड़ों रुपये के बजट स्वीकृत होने के बावजूद वास्तविक स्थिति अत्यंत चिंताजनक है। इसी संदर्भ में जिलाधिकारी (DM), मुख्य विकास अधिकारी (CDO), उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) सहित संबंधित विभागों को विधिक नोटिस भेजकर जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की गई है।
अभियान के दौरान देव सिंह, कविकांत पटेल (के.पी.), समाजसेवी मुकेश कुमार, भूपेंद्र सिंह, शशिकांत सिंह, अजय पटेल, ललित किशोर, शिवम पटेल, संदीप पटेल, प्रियांशी, प्रांशु पटेल, रोहित पटेल, अनंत कुमार, पुष्पराज पटेल, रिंकू पटेल, प्रियांशु पटेल, पंकज पटेल सहित बड़ी संख्या में युवा एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी स्वयंसेवकों ने संकल्प लिया कि माँ मंदाकिनी की स्वच्छता, संरक्षण एवं पुनर्जीवन के लिए यह जनआंदोलन निरंतर जारी रहेगा तथा प्रशासन को भी अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जवाबदेह बनाया जाएगा।
चित्रकूट
युवाओं ने संभाली कमान: प्रशासनिक उपेक्षा के खिलाफ रामघाट पर उमड़ा जनसैलाब, माँ मंदाकिनी के शुद्धिकरण हेतु किया महा-श्रमदान चित्रकूट
- by Netra 24 Times
- 04/07/2026
- 76 Views
- 1 week ago
