एस पी सिटी ने किया खुलासा
गोरखपुर के कोतवाली क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को पुलिस ने चुनौती के रूप में लेते हुए बड़ा खुलासा किया है। सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए महिला का भेष धारण कर चोरी करने वाले गैंग के दो और सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस पहले ही इस गैंग के एक सदस्य को जेल भेज चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं।
कोतवाली थाने में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी सिटी निमिष पाटिल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए आरोपी महिला का भेष धारण करते थे, ताकि किसी को उन पर शक न हो और सीसीटीवी कैमरों की पहचान से भी बचा जा सके। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इमरान उर्फ रियासत और राशिद खान के रूप में की है।
पुलिस के अनुसार राशिद खान ई-रिक्शा चालक है, जो गैंग के सदस्यों को वारदात स्थल तक पहुंचाने और वापस लाने का काम करता था। पूछताछ में पता चला कि महिला का भेष धारण कर चोरी करने का आइडिया गैंग के सदस्य अरबाज ने दिया था। वह घर की महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस पहले ही अरबाज को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
गिरफ्तार आरोपियों के पास से 22 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नौ चांदी के सिक्के बरामद किए गए हैं। पुलिस के मुताबिक तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
इस पूरे खुलासे में कोतवाली प्रभारी क्षेत्रपाल सिंह, नखास चौकी प्रभारी दुर्गेश कुमार वैश्य, बक्शीपुर चौकी प्रभारी आदित्य कुमार पांडे समेत पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि शहर में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
