पाठा क्षेत्र के विकास और शिक्षा को नई दिशा देने की पहल के अंतर्गत रुकमा बुजुर्ग में बहुत जल्द डिजिटल लाइब्रेरी का संचालन शुरू किया जाएगा। यह महत्वपूर्ण पहल बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा के अध्यक्ष एड. प्रखर पटेल एवं समाजसेवी मुकेश कुमार के अथक प्रयासों से संभव हो रही है। इस डिजिटल लाइब्रेरी के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं, विद्यार्थियों एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को आधुनिक अध्ययन सामग्री, डिजिटल संसाधन एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा। अब पाठा क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन संसाधनों के लिए दूर-दराज शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। एड. प्रखर पटेल का कहना है कि शिक्षा ही समाज और क्षेत्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है। डिजिटल लाइब्रेरी की स्थापना से क्षेत्र में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी तथा युवाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। समाजसेवी मुकेश कुमार ने कहा कि यह पहल केवल एक लाइब्रेरी नहीं, बल्कि पाठा क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। आने वाले समय में शिक्षा और युवाओं के विकास हेतु ऐसे और भी कार्य किए जाएंगे। बुन्देलखण्ड मुक्ति मोर्चा लगातार जनहित, शिक्षा और सामाजिक विकास के मुद्दों पर कार्य कर रहा है तथा यह डिजिटल लाइब्रेरी उसी संकल्प का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
चित्रकूट
रुकमा बुजुर्ग में जल्द शुरू होगी डिजिटल लाइब्रेरी पाठा क्षेत्र के विद्यार्थियों को मिलेगा आधुनिक शिक्षा संसाधनों का लाभ
- by Netra 24 Times
- 04/05/2026
- 34 Views
- 4 weeks ago
