दिल्ली आतंकी धमाके में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए शुक्रवार को डुमरियागंज के मंदिर चौराहा स्थित स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के पास मौन श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने किया। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियाँ जलाकर दो मिनट का मौन रखा और मृतकों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह हृदय विदारक घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली है और पीड़ित परिवारों के दुख में पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। उन्होंने आतंकी घटनाओं की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता से कई बड़ी घटनाओं को रोका जा सका है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद देश की सुरक्षा व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है, लेकिन पूरा देश एकजुट होकर इसका मुकाबला करने में सक्षम है। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ सर्व समाज से एक स्वर में आवाज बुलंद करने की अपील की और मृतकों को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान लवकुश ओझा, चंद्र प्रकाश वर्मा, मधुसूदन अग्रहरि, दिलीप पाण्डेय, अमरेंद्र त्रिपाठी, शत्रुहन सोनी, राजन अग्रहरि, अवधेश चौधरी, अभिषेक त्रिपाठी, प्रेम पाण्डेय, धर्मेश पाण्डेय, अजीत उपाध्याय, हरीश पाण्डेय, राजू अग्रहरि, अजय अग्रहरि कन्हैया गुप्ता आदि मौजूद रहे।
सिद्धार्थनगर
डुमरियागंज में दिल्ली आतंकी धमाके में मारे गए लोगों को मोमबत्ती जलाकर दी गई श्रद्धांजलि
- by Netra 24 Times
- 15/11/2025
- 106 Views
- 8 months ago
