सिद्धार्थनगर जनपद के थाना डुमरियागंज अंतर्गत ग्राम जमौता में दबंगई और कानून की अवहेलना का एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव की निवासी सुशीला देवी पत्नी हरिमोहन ने गांव के ही कुछ लोगों पर कोर्ट के स्थगन आदेश के बावजूद जबरन निर्माण करने और विरोध करने पर मारपीट व धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता सुशीला देवी के अनुसार, उनके घर के बगल में स्थित गली को लेकर पड़ोसी रामसागर पुत्र रामऔतार और उनके पुत्रों (विशाल, विकास, आकाश) के साथ विवाद चल रहा है। मामला वर्तमान में दीवानी न्यायालय में विचाराधीन है और उक्त भूमि पर न्यायालय द्वारा स्थगन आदेश जारी किया गया है। पीड़िता का पति रोजी-रोटी के लिए बाहर रहता है। घर में महिला को अकेला पाकर विपक्षीगणों ने न्यायालय के आदेशों को ताक पर रखकर जबरन गली पर कब्जा कर निर्माण कार्य पूरा कर लिया। जब पीड़िता की बेटी रोशनी ने अवैध निर्माण का विरोध किया, तो आरोपियों ने उसे अपशब्द कहे, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में पहले भी कई बार प्रार्थना पत्र दिए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्यवाही नहीं हुई है।पीड़िता ने सिद्धार्थनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने मांग की है कि न्यायालय के आदेश का उल्लंघन करने वाले आरोपियों के विरुद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जाए और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
सिद्धार्थनगर
दबंगों ने कोर्ट के स्टे ऑर्डर की उड़ाई धज्जियां, महिला और बेटी के साथ मारपीट का आरोप
- by Netra 24 Times
- 25/03/2026
- 24 Views
- 2 weeks ago
